अवैध पत्थर परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां पकड़ी
रेशमपुरा-बदनापुरा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने की कार्रवाई
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर, 18 नवंबर। शहर में अवैध खनन और खनिज संपदा के गैरकानूनी परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने रेशमपुरा-बदनापुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पत्थरों से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने की अभिरक्षा में रखवाया गया है। मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी खनिज पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में 18 नवंबर को खनिज विभाग की टीम ने रेशमपुरा-बदनापुरा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान पत्थरों से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिलीं। जांच के दौरान आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान खनि निरीक्षक रमाकांत तिवारी, श्रीमती जया, प्रभारी खनि निरीक्षक प्रशांत गुरैया एवं कमलेश अहिरवार सहित होमगार्ड और पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा। संयुक्त टीम की मौजूदगी में वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने की अभिरक्षा में भिजवाया गया।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। अब जब्त वाहनों के संबंध में नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

