63 साल की मां ने बेटे के लिए पार कर दी हर हद! अपनी किडनी देकर 35 साल के बेटे को दी जिंदगी की नई सौगा
35 वर्षीय बेटे की दोनों किडनियां हो गई थीं खराब, छह महीने से चल रहा था इलाज
मां के फैसले ने परिवार की उम्मीदों को फिर दी नई जिंदगी
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। मां की ममता की कोई उम्र नहीं होती और अपने बच्चों के लिए उसका साहस हर मुश्किल से बड़ा होता है। ग्वालियर में एक ऐसी ही भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 63 वर्षीय मां ने अपनी एक किडनी दान कर 35 वर्षीय बेटे को जिंदगी की नई उम्मीद दे दी। उम्र के इस पड़ाव पर मां ने अपनी सेहत की परवाह किए बिना बेटे को बचाने का फैसला लिया। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट कर मां के इस त्याग को नई जिंदगी की सौगात में बदल दिया।
नदी पार टाल निवासी लेखराज की दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं। करीब छह महीने पहले परिवार को इस गंभीर बीमारी का पता चला था। हालत ऐसी थी कि सप्ताह में दो बार डायलिसिस कराना पड़ रहा था। लगातार इलाज और अस्पताल के चक्कर के बीच परिवार के सामने बेटे की जिंदगी बचाने की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी थी। ऐसे कठिन समय में मां उर्मिला गौड़ ने अपनी किडनी बेटे को देने का निर्णय लिया।
साढ़े छह घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन
शनिवार को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में दोपहर करीब 12 बजे किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 6:30 बजे तक चली। लगभग साढ़े छह घंटे की जटिल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने ट्रांसप्लांट सफल होने की जानकारी दी। ऑपरेशन के बाद मां और बेटे दोनों की स्थिति स्थिर बताई गई है। मरीज को 15 टांके आए हैं और चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है।
इस पूरे उपचार की एक महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज निःशुल्क हुआ, जिससे आर्थिक रूप से परेशान परिवार को बड़ी राहत मिली।
डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने संभाली जिम्मेदारी
किडनी ट्रांसप्लांट की इस जटिल प्रक्रिया को नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान जीआरएमसी के डीन डॉ. आरके धाकड़ भी अस्पताल पहुंचे और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। प्रभारी अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन ने भी परिजनों को बेहतर चिकित्सा देखभाल का भरोसा दिलाया।
इस सफल ट्रांसप्लांट में डॉ. नीलिमा टंडन, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अंकित शर्मा, नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शिवम यादव, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. जिंदल, डॉ. नम्रता जैन, डॉ. कुशल, डॉ. संजय, डॉ. उदित और डॉ. नीरज सहित पीजी एवं नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
परिवार के छह महीने के संघर्ष को मिली नई उम्मीद
लेखराज की पत्नी राजेश ने बताया कि छह महीने पहले दोनों किडनियां खराब होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से परिवार लगातार इलाज करा रहा था। सप्ताह में दो बार डायलिसिस की मजबूरी और भविष्य की चिंता ने पूरे परिवार को परेशान कर रखा था। ग्वालियर में ट्रांसप्लांट की सुविधा मिलने से राहत की उम्मीद जगी और मां ने अपनी किडनी देने का फैसला कर लिया।
लेखराज की बहन छाया ने मां के इस फैसले को परिवार के लिए सबसे बड़ा उपहार बताते हुए कहा कि मां अपने बच्चे को एक बार जन्म देती है, लेकिन उनकी मां ने भाई को दूसरा जीवन दिया है। परिवार लंबे समय से परेशान था, लेकिन मां के साहस और डॉक्टरों के प्रयासों से अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दी है।
यह घटना सिर्फ एक सफल ऑपरेशन की कहानी नहीं है, बल्कि उस मां के अदम्य साहस की मिसाल है, जिसने अपने बेटे के भविष्य के लिए अपनी जिंदगी का एक अनमोल हिस्सा उसे सौंप दिया। साथ ही यह ग्वालियर में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की उपयोगिता को भी सामने लाती है।

