तुकाराम मुंढे के एक्शन से हड़कंप, 84 मसाला कारोबारियों के लाइसेंस निलंबि
महाराष्ट्र में ₹19.7 करोड़ के मिलावटी मसाले जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती से कारोबारियों में खलबली; ग्वालियर में मिलावटखोरों पर कार्रवाई का इंतजार
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त रुख अपनाते हुए मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की है। तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत करीब 19.7 करोड़ रुपये मूल्य के मसाले जब्त किए गए हैं, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 84 मसाला कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई ने मसाला कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा दिया है।
महाराष्ट्र प्रशासन की इस सख्ती ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सरकार की जवाबदेही और विभागीय सक्रियता का उदाहरण पेश किया है। वहीं दूसरी ओर ग्वालियर में खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। दाल बाजार सहित शहर के विभिन्न कारोबार क्षेत्रों में मिलावट की शिकायतों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर ग्वालियर में खाद्य सुरक्षा विभाग कब इसी तरह की निर्णायक कार्रवाई करेगा? क्या यहां भी मिलावटखोरों के लाइसेंस निरस्त होंगे और मिलावट के काले कारोबार पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा?

