Headlines

अस्पतालों में सीएमएचओ की औचक दबिश, कहीं गंदगी तो कहीं समय से पहले लंच

अस्पतालों में सीएमएचओ की औचक दबिश, कहीं गंदगी तो कहीं समय से पहले लंच

स्टाफ की लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

माधोगंज प्रसूति गृह में कम प्रसव मिलने पर जताई नाराजगी, रामाजी का पुरा संजीवनी क्लीनिक में दवाओं का रखरखाव मिला अव्यवस्थित

बिना अनुमति ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारी

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर, 18 नवंबर। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर ने माधोगंज प्रसूति गृह और रामाजी का पुरा स्थित संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कहीं अस्पताल में साफ-सफाई का अभाव मिला तो कहीं दवाओं का रखरखाव निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप नहीं पाया गया। कर्मचारियों की ड्यूटी में लापरवाही और समय से पहले लंच करने का मामला भी सामने आया। अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सीएमएचओ ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

माधोगंज प्रसूति गृह में कम प्रसव, सफाई व्यवस्था पर नाराजगी

निरीक्षण की शुरुआत माधोगंज प्रसूति गृह से हुई। यहां सीएमएचओ ने प्रसव की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई। इस पर उन्होंने मौजूद स्टाफ से जवाब-तलब करते हुए प्रसवों की संख्या बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान स्टाफ की उपस्थिति की जांच में एक पुरुष नर्सिंग ऑफिसर का मामला भी सामने आया। संबंधित कर्मचारी छुट्टी का आवेदन रखकर बिना स्वीकृति प्राप्त किए ही अस्पताल से चले गए थे। सीएमएचओ ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

रामाजी का पुरा क्लीनिक में दवाओं का रखरखाव अव्यवस्थित

इसके बाद सीएमएचओ रामाजी का पुरा स्थित संजीवनी क्लीनिक पहुंचे। यहां दवा स्टोर का निरीक्षण करने पर दवाओं का रखरखाव निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप नहीं मिला। इस पर उन्होंने संबंधित स्टाफ को दवाओं को नियमानुसार व्यवस्थित रखने और स्टोर प्रबंधन में सुधार करने के निर्देश दिए।

यूनिफॉर्म गायब, लंच टाइम से 15 मिनट पहले ही कर्मचारी भोजन करते मिले

संजीवनी क्लीनिक में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान दो पुरुष नर्सिंग ऑफिसर और एक महिला नर्सिंग ऑफिसर निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले। वहीं सबसे चौंकाने वाली स्थिति तब सामने आई, जब दोपहर 1:15 बजे ही स्टाफ लंच करता पाया गया, जबकि निर्धारित लंच का समय दोपहर 1:30 बजे से है। समय से पहले लंच करने और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताई तथा संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

नियमित निरीक्षण से तय होगी जवाबदेही

सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, दवाओं के रखरखाव और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके सहित विभाग के अन्य अधिकारी नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण और निरीक्षण करेंगे। जहां भी कमियां या लापरवाही सामने आएगी, वहां सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस औचक निरीक्षण ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि नोटिस और निरीक्षण के बाद इन केंद्रों की व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है।