Headlines

अब खून चढ़ाने से पहले संक्रमण पकड़ना होगा आसान! 

अब खून चढ़ाने से पहले संक्रमण पकड़ना होगा आसान!

45 दिन का इंतजार खत्म, सिर्फ 5 दिन में होगी HIV और हेपेटाइटिस की पहचान

ग्वालियर सहित प्रदेश के 5 मेडिकल कॉलेजों में शुरू हुई हाईटेक NAT जांच सुविधा, 57 जिला स्तरीय ब्लड सेंटर जोड़े गए

थैलेसीमिया, कैंसर और डायलिसिस मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे उन मरीजों के लिए राहत भरी खबर है, जिन्हें इलाज के दौरान बार-बार रक्त चढ़ाने की जरूरत पड़ती है। अब रक्त में HIV, हेपेटाइटिस-B और हेपेटाइटिस-C जैसे संक्रमणों की पहचान के लिए 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक NAT (न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट) तकनीक से संक्रमण की पहचान की अवधि घटकर लगभग 5 दिन तक हो सकेगी। मध्य प्रदेश सरकार ने सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ग्वालियर सहित प्रदेश के पांच शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में यह सुविधा शुरू कर दी है।

ग्वालियर बना पांच बड़े हब सेंटर में शामिल

प्रदेश में इस सुविधा का विस्तार करते हुए ग्वालियर के गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के साथ भोपाल, इंदौर, जबलपुर और रीवा के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों को NAT जांच के हब सेंटर के रूप में स्थापित किया गया है। इन पांचों केंद्रों से प्रदेश के विभिन्न जिलों के 57 स्पोक ब्लड सेंटर जोड़े गए हैं। गत 23 अक्टूबर से सभी पांचों हब सेंटरों पर ID-NAT मशीनें स्थापित कर जांच का काम शुरू कर दिया गया है।

संक्रमित रक्त चढ़ने का खतरा होगा कम

NAT तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके माध्यम से संक्रमण की पहचान पारंपरिक जांच की तुलना में शुरुआती अवस्था में संभव हो सकेगी। विशेष रूप से विंडो पीरियड के दौरान HIV, हेपेटाइटिस-B और हेपेटाइटिस-C जैसे संक्रमणों का पता लगाने में यह तकनीक मददगार होगी। इससे संक्रमित रक्त के ट्रांसफ्यूजन का जोखिम कम करने और मरीजों को अधिक सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

इन गंभीर बीमारियों के मरीजों को सबसे ज्यादा लाभ

इस नई व्यवस्था का लाभ विशेष रूप से थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया, डायलिसिस और कैंसर से पीड़ित मरीजों को मिलेगा। इन बीमारियों में मरीजों को उपचार के दौरान बार-बार रक्त अथवा रक्त अवयवों की आवश्यकता होती है। ऐसे में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता उनके उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हाईटेक मशीनों से होगी पूरी जांच प्रक्रिया

NAT जांच की प्रक्रिया आधुनिक उपकरणों के माध्यम से स्वचालित रूप से संचालित होगी। नमूनों की ट्रैकिंग से लेकर जांच, गुणवत्ता नियंत्रण और रिपोर्टिंग तक की निगरानी तकनीकी प्रणाली के जरिए की जाएगी। हब और स्पोक मॉडल के माध्यम से इस सुविधा का विस्तार होने से प्रदेश की रक्ताधान सेवाओं को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

कुल मिलाकर, पांच शासकीय मेडिकल कॉलेजों में NAT जांच सुविधा की शुरुआत प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम है। खास बात यह है कि अब बार-बार रक्त की जरूरत वाले गंभीर मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हो सकेगी।