कैंसर के मरीजों को बड़ी राहत, कम कीमत पर उपलब्ध होगी दवा
कैंसर की दवाओं के दाम घटाने पर शिवरतन साधवानी ने जताया सरकार का आभार
बोले- सरकार का फैसला कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत, हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की होगी बचत
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई महत्वपूर्ण दवाओं की कीमतों में भारी कटौती किए जाने के फैसले का ग्वालियर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रवक्ता शिवरतन साधवानी ने स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज पहले से ही बेहद महंगा है। ऐसे में जीवनरक्षक दवाओं की कीमतों में कमी का फैसला मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के आदेश के बाद दवा कंपनियों टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स और सिप्ला ने कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) में उल्लेखनीय कटौती की है। संशोधित दरें नवंबर के दूसरे सप्ताह से लागू की जा रही हैं। इस फैसले का उद्देश्य कैंसर मरीजों को कम कीमत पर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराना है।
टोरेंट फार्मा की संशोधित मूल्य सूची में बेवाकल्प, डैशोरी, पालबोटोर, पेमोटाइड और टेगोयेस सहित 14 दवाओं के दाम घटाए गए हैं। इनमें बेवाकल्प 400 एमजी इंजेक्शन की एमआरपी 42 हजार रुपए से घटाकर 13,136 रुपए कर दी गई है। इसी तरह बेवाकल्प 100 एमजी इंजेक्शन की कीमत 10,500 रुपए से घटकर 4,523.90 रुपए रह जाएगी। वहीं पालबोटोर 100 एमजी के 21 कैप्सूल का पैक 8,345 रुपए के बजाय 2,531.15 रुपए में उपलब्ध होगा।
इसी क्रम में सिप्ला ने भी कैंसर के उपचार में उपयोग होने वाली एर्लोसिप, रोलिमस, एक्सिब्रा, कैबोट्रेस, डेनोसि और दासाट्रू जैसी दवाओं की कीमतों में कमी की है। एर्लोसिप 150 एमजी की 30 टैबलेट का पैक 9,798.99 रुपए से घटाकर 3,448.37 रुपए कर दिया गया है। वहीं कैबोट्रेस 20 एमजी की 30 टैबलेट का पैक 8,765.62 रुपए के बजाय 5,021.85 रुपए में मिलेगा।
ग्वालियर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रवक्ता शिवरतन साधवानी ने सरकार के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर के मरीजों को लंबे समय तक महंगी दवाओं का सेवन करना पड़ता है। ऐसे में दवाओं की कीमतों में कमी होने से मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय जनहित में एक सराहनीय कदम है और इसके लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि दवा कंपनियों द्वारा थोक विक्रेताओं, खुदरा दवा कारोबारियों, अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों को संशोधित कीमतों के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। जैसे-जैसे नए मूल्य की दवाओं का स्टॉक बाजार में पहुंचेगा, मरीजों को उसका लाभ मिलने लगेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से मरीजों को संशोधित एमआरपी अथवा पैक पर अंकित कीमत, दोनों में से जो कम होगी, उसी के अनुसार भुगतान करना होगा।
साधवानी ने उम्मीद जताई कि इस फैसले से कैंसर के उपचार को आर्थिक रूप से कुछ हद तक सुलभ बनाने में मदद मिलेगी और महंगे इलाज के कारण परेशान हो रहे हजारों मरीजों को राहत मिलेगी।

