Headlines

यश गोयल के नाम वापसी से राजू कुकरेजा की राह आसान

जीवाजी क्लब चुनाव में यश गोयल की एंट्री से बदला अध्यक्ष पद का गणित, अब नाम वापसी से राजू कुकरेजा की राह आसान!

पहले चुनाव लड़ने का ऐलान, फिर अचानक कदम पीछे खींचे

गोयल के फैसले ने क्लब की राजनीति में उठाए कई सवाल, सदस्यों के बीच चर्चाओं का दौर तेज

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। दिसंबर में होने वाले जीवाजी क्लब के चुनाव में अध्यक्ष पद की लड़ाई अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। शुरुआत में अध्यक्ष पद के लिए राजू कुकरेजा की जीत लगभग एकतरफा मानी जा रही थी। उनके सामने बॉबी गर्ग चुनाव मैदान में जरूर थे, लेकिन क्लब के राजनीतिक समीकरणों में राजू कुकरेजा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा था। इसी बीच यश गोयल की अध्यक्ष पद के चुनाव में उतरने की घोषणा ने पूरे चुनावी गणित को बदल दिया। उनके स्वयं और समर्थकों द्वारा व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रचार अभियान शुरू किए जाने से मुकाबला दिलचस्प होने लगा था। यहां तक कि राजू कुकरेजा की आसान मानी जा रही जीत पर भी सवाल उठने लगे थे।

यश गोयल ने जब अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान किया तो क्लब के सदस्यों के बीच हलचल तेज हो गई। उनके मैदान में उतरने से चुनाव त्रिकोणीय होने की संभावनाएं बनने लगी थीं और सदस्य नए समीकरणों का आकलन करने लगे थे। लेकिन इस राजनीतिक हलचल के बीच यश गोयल ने अचानक चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले ने एक बार फिर क्लब की राजनीति में चर्चाओं का नया दौर शुरू कर दिया।

गोयल की चुनावी मैदान से दूरी बनाने के बाद राजू कुकरेजा के लिए मुकाबला पहले की तुलना में काफी आसान नजर आने लगा है। क्लब के भीतर अब उनकी जीत की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं और अध्यक्ष पद का चुनाव महज औपचारिकता बनता दिखाई देने लगा है। हालांकि चुनाव का अंतिम परिणाम सदस्यों के मतदान के बाद ही सामने आएगा।

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यश गोयल के अचानक बदले रुख को लेकर खड़ा हो रहा है। जिस तरह उन्होंने पहले चुनाव लड़ने की घोषणा की, समर्थकों को सक्रिय किया और प्रचार अभियान शुरू कराया, उसके बाद अचानक पीछे हटने के फैसले ने क्लब के सदस्यों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आखिर ऐसे कौन से राजनीतिक, व्यक्तिगत या चुनावी समीकरण रहे, जिनके चलते यश गोयल ने अध्यक्ष पद की दावेदारी छोड़ने का निर्णय लिया?

फिलहाल जीवाजी क्लब के चुनाव में उम्मीदवारों से ज्यादा चर्चा यश गोयल के फैसले की हो रही है। उनके चुनावी मैदान से हटने के बाद राजू कुकरेजा की राह आसान जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन गोयल की एंट्री और फिर अचानक एग्जिट ने क्लब के चुनाव को एक दिलचस्प राजनीतिक पहेली बना दिया है।