जबलपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
मोहन यादव, हेमंत खण्डेलवाल और अर्जुनराम मेघवाल की अगुवाई में ढाई किमी पदयात्रा, एक लाख से अधिक की भीड़ ने भरी हुंकार
पदमेश अग्रवाल
जबलपुर, 2 नवंबर। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ सोमवार को जबलपुर में भाजपा ने विशाल शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की अगुवाई में शहीद स्मारक गोल बाजार से निकली ढाई किलोमीटर से अधिक लंबी पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता का दावा किया गया। पदयात्रा ने शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों से गुजरते हुए राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नहीं हुए, वे किसी के सगे नहीं हो सकते। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था और अब चुनाव हारने पर ईवीएम, चुनाव आयोग तथा एसआईआर पर सवाल उठाती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का देशभर से सफाया हो जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार एसआईआर हुआ है। राहुल गांधी चुनावी पराजय छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। विदेशी ताकतों से धन लेकर भारत को अस्थिर करने वालों को बेनकाब करना जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जनता से लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए आगे आने का आह्वान किया।
पदयात्रा में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, संपतिया उइके, सांसद आशीष दुबे, सुमित्रा वाल्मीकि, फग्गन सिंह कुलस्ते, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, प्रणय पांडे, पूर्व मंत्री शरद जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मार्ग में बनाए गए 80 स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया गया।

