डबरा में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, तीन ठिकानों पर एक साथ दबि
बीडी कॉलोनी की झाड़ियों से 162 पाव देसी शराब बरामद, लद्देड़ी में ब्लैक डॉग और 100 पाइपर सहित अंग्रेजी शराब जब्त; करहिया में भी पकड़ी गई अवैध मदिरा
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर, 2 नवम्बर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को आबकारी विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने डबरा क्षेत्र में एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार का खुलासा किया। बीडी कॉलोनी शताब्दीपुरम में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई 162 पाव देसी शराब बरामद की गई, वहीं लद्देड़ी में ब्लैक डॉग, 100 पाइपर और गोवा व्हिस्की जैसी ब्रांडेड अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसके अलावा करहिया बस स्टैंड के पास से भी देसी शराब के पाव बरामद किए गए। तीनों स्थानों से कुल करीब 61 बल्क लीटर अवैध देसी एवं अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर बनी संयुक्त टीम
जानकारी के अनुसार ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के आदेश पर आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त, जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से प्राप्त सूचना और नियमित गश्त के आधार पर प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने डबरा क्षेत्र के बीडी कॉलोनी, लद्देड़ी और करहिया में दबिश दी।
बीडी कॉलोनी : झाड़ियों में छिपाकर रखी थी 162 पाव शराब
कार्रवाई के दौरान बीडी कॉलोनी शताब्दीपुरम में गोविंद भदौरिया के मकान के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 162 पाव देसी मदिरा प्लेन एवं मसाला बरामद की गई। टीम ने शराब जब्त कर संबंधित मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की।
लद्देड़ी : ब्लैक डॉग और 100 पाइपर जैसी ब्रांडेड शराब जब्त
आबकारी टीम ने लद्देड़ी क्षेत्र में तनु तोमर के आधिपत्य से अंग्रेजी शराब की पांच बोतलें जब्त कीं। इनमें ब्लैक डॉग की दो बोतल, 100 पाइपर की दो बोतल और गोवा व्हिस्की की एक बोतल शामिल है। अंग्रेजी शराब के अवैध संग्रह के मामले में भी धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
करहिया : बस स्टैंड के पास से 65 पाव देसी शराब बरामद
तीसरी कार्रवाई करहिया क्षेत्र में बस स्टैंड के पास की गई। यहां आरोपी उपेंद्र सिंह तोमर के आधिपत्य से 40 पाव देसी मदिरा प्लेन और 25 पाव देसी मदिरा मसाला जब्त की गई। इस मामले में भी आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
42 हजार रुपये की शराब जब्त, अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग के अनुसार तीनों स्थानों से जब्त की गई देसी एवं अंग्रेजी मदिरा की कुल मात्रा लगभग 61 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 42 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में की गई। इसमें अन्य सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों तथा आबकारी विभाग के कार्यपालिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

