अवैध खनन और परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा
गिट्टी से भरा ओवरलोड डम्पर जब्त
बिलौआ क्षेत्र में खनिज विभाग की औचक जांच, बंद खदानों का भी किया निरीक्षण
जांच नाकों के रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरे खंगाले
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर, 3 नवंबर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने डबरा तहसील के अंतर्गत बिलौआ क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों की जांच की। इस दौरान खनिज गिट्टी से भरा एक ओवरलोड डम्पर पकड़ा गया, जिसे विभागीय टीम ने जब्त कर लिया।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उच्च न्यायालय के आदेश से बंद की गई खदानों एवं स्वीकृत खदानों का जायजा लिया गया। जांच में बंद खदानों में खनन गतिविधियां पूरी तरह बंद पाई गईं। इसके साथ ही क्षेत्र में स्थापित जांच नाकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। टीम ने नाकों पर संधारित रजिस्टरों की जांच करने के साथ सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी देखी।
ओवरलोड डम्पर को थाना बिलौआ की अभिरक्षा में रखा
निरीक्षण के दौरान खनिज गिट्टी से भरा एक ओवरलोड डम्पर विभागीय टीम के हाथ लगा। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाना बिलौआ की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया। पकड़े गए वाहन के विरुद्ध मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन पर विभाग की निगरानी जारी
खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, खनिज परिवहन और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। विभागीय कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के साथ शासन के राजस्व को होने वाले नुकसान पर अंकुश लगाना है।
इस कार्रवाई के दौरान खनिज निरीक्षक, प्रभारी खनिज निरीक्षक सहित खनिज विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

