संयुक्त कलेक्टर शिवानी अग्रवाल ने दिए 10 बेड की अस्थाई बर्न यूनिट बनाने के निर्देश
दीपावली पर संभावित दुर्घटनाओं से निपटने जिला अस्पताल की तैयारियों का निरीक्षण
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर,3 नवम्बर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर सुश्री शिवानी अग्रवाल ने दीपावली के दौरान पटाखों एवं अन्य कारणों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं आपातकालीन तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएचओ डॉ. पवन जैन, जिला अस्पताल के चिकित्सकों, नेत्र विभाग, सर्जरी विभाग, ईएनटी विभाग के अधिकारियों सहित आरएमओ एवं हॉस्पिटल मैनेजर की उपस्थिति में अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया गया। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, नेत्र वार्ड एवं सर्जरी वार्ड में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने इमरजेंसी वार्ड में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति और मास कैजुअल्टी से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। वहीं, सर्जरी विभाग में संभावित अग्नि एवं पटाखों से जलने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से 10 बिस्तरीय बर्न यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आरएमओ द्वारा ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही अस्पताल के बैकअप जनरेटर की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। जनरेटर मैनुअल होने एवं उसके चालू होने में अधिक समय लगने की समस्या को देखते हुए इसमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल की तैयारियों को परखने के लिए कल मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा संसाधनों एवं संबंधित विभागों की तत्परता की पुनः समीक्षा की जाएगी।

