यूपी चुनाव 2027:
ब्राह्मण वोट बैंक साधने के लिए मध्यप्रदेश के तीन दिग्गजों पर भाजपा की नजर!
वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नामों की चर्चा, क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों के सहारे मिशन-2027 की तैयारी में जुटा पार्टी नेतृत्व
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में सत्ता की राह आसान बनाने के लिए भाजपा संगठन इस बार क्षेत्रीय समीकरणों के साथ-साथ जातिगत प्रतिनिधित्व और सामाजिक संतुलन पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इसी रणनीति के तहत मध्यप्रदेश के तीन बड़े ब्राह्मण नेताओं को उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई हैं। इनमें खजुराहो से सांसद एवं मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातिगत समीकरण हमेशा से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। यहां ब्राह्मण, ठाकुर, यादव, कुर्मी, मौर्य, लोधी, जाट, निषाद सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों का अपना राजनीतिक प्रभाव है। भाजपा के सामने चुनौती केवल अपने परंपरागत समर्थक वर्गों को साथ बनाए रखने की नहीं, बल्कि पिछड़े वर्गों, दलितों और सवर्ण समाज के बीच भी राजनीतिक एवं संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने की है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि वाले नेताओं को चुनावी जिम्मेदारियों में शामिल करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
ब्राह्मण समाज को साधने की रणनीति, मध्यप्रदेश के नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण मतदाताओं की राजनीतिक भूमिका को देखते हुए भाजपा इस वर्ग के बीच संगठनात्मक संवाद और संपर्क को मजबूत करने पर जोर दे रही है। हाल के महीनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण प्रतिनिधित्व और राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी चर्चाएं सामने आती रही हैं। विपक्षी दल भी इस वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिशों में जुटे हैं। ऐसे में भाजपा के लिए सामाजिक संतुलन बनाए रखना चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश के तीन ब्राह्मण नेताओं के नामों को लेकर चर्चाएं हैं। विष्णुदत्त शर्मा संगठनात्मक राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं और मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं। दूसरी ओर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी संभावित जिम्मेदारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं में शामिल है। हालांकि, इन तीनों नेताओं को उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के बीच विशेष जिम्मेदारी दिए जाने अथवा प्रभारी नियुक्त किए जाने को लेकर अभी किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।
जातिगत ही नहीं, क्षेत्रीय समीकरणों पर भी भाजपा का फोकस
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल, ब्रज और काशी क्षेत्र की अपनी अलग-अलग राजनीतिक परिस्थितियां हैं। प्रत्येक क्षेत्र में जातिगत संरचना, स्थानीय नेतृत्व और सामाजिक समीकरण चुनावी रणनीति को प्रभावित करते हैं। यही कारण है कि भाजपा केवल एक वर्ग के सहारे चुनावी तैयारी करने के बजाय विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच समन्वय बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मध्यप्रदेश के नेताओं को उत्तर प्रदेश में सक्रिय करने की संभावित रणनीति भी इसी व्यापक राजनीतिक दृष्टिकोण से जोड़कर देखी जा रही है। यादव समाज के बीच संपर्क के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जबकि ब्राह्मण समाज के बीच संवाद और संगठनात्मक संपर्क के लिए वीडी शर्मा तथा राजेंद्र शुक्ला जैसे नेताओं की भूमिका की चर्चा है। इसके अलावा अन्य पिछड़े वर्गों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी मध्यप्रदेश के अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि वाले नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावनाएं सामने आई हैं।
पदमेश अग्रवाल पत्रकार 9770662121

