Headlines

पुरस्कार में नंबर-1 ग्वालियर, निगम की बैठक में खुल गई सफाई व्यवस्था की पोल!

पुरस्कार में नंबर-1 ग्वालियर, निगम की बैठक में खुल गई सफाई व्यवस्था की पोल!

गुरुवार को परिषद की बैठक में सीवर, कचरा और सफाई को लेकर पार्षदों का हंगामा

66 में से 60 से ज्यादा पार्षदों के क्षेत्र में सीवर समस्या, राजमाता चौराहे पर खुले में बह रहा गंदा पानी

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान का पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि के बाद नगर निगम के अधिकारी भले ही अपनी पीठ थपथपा रहे हों, लेकिन गुरुवार को आयोजित नगर निगम परिषद की बैठक में जिस तरह सफाई, सीवर और कचरा प्रबंधन से जुड़े मुद्दे उठे, उसने पुरस्कार के दावों और शहर की वास्तविक स्थिति के बीच का अंतर उजागर कर दिया। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को घेरा। कहीं सीवर उफनने की शिकायत सामने आई तो कहीं नियमित सफाई नहीं होने और कचरा संग्रहण व्यवस्था पर सवाल उठे। जनप्रतिनिधियों की नाराजगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 66 पार्षदों वाली परिषद में 60 से अधिक पार्षद लंबे समय से अपने क्षेत्रों की सीवर समस्या को लेकर अधिकारियों के सामने शिकायतें उठाते रहे हैं।

बैठक में उठे मुद्दों के बीच शहर के सबसे व्यस्ततम राजमाता चौराहे की स्थिति भी स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े करती है। यहां फुटपाथ के किनारे खुले में सीवर बह रहा है। नगर निगम मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर के दायरे में कई सड़कों के फुटपाथों पर धूल और गंदगी के ढेर दिखाई देते हैं। सड़कों की सफाई के लिए लाखों रुपये खर्च कर स्वीपिंग मशीनें चलाई जा रही हैं, इसके बावजूद मुख्यालय के आसपास ही सफाई व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नजर नहीं आती। ऐसे में गुरुवार की बैठक में पार्षदों द्वारा उठाई गई शिकायतें केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि शहर की रोजमर्रा की समस्याओं से जुड़ी हुई दिखाई देती हैं।

257 वाहनों से 3.50 लाख घरों तक कचरा संग्रहण, आंकड़ों पर उठ रहे सवाल

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार शहर के करीब 3.50 लाख घरों से कचरा संग्रहण के लिए 257 डोर-टू-डोर वाहन संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक वाहन को प्रतिदिन करीब 10 लीटर डीजल दिया जाता है और 45 से 50 किलोमीटर की रनिंग में घरों से कचरा एकत्रित करने के साथ एफएसटीएस प्लांट तक पहुंचने की जिम्मेदारी भी शामिल है। इस हिसाब से प्रत्येक वाहन पर औसतन करीब 1,362 घरों की जिम्मेदारी आती है। अब सवाल यह है कि इतनी सीमित रनिंग में वाहन प्रतिदिन इतने घरों तक कैसे पहुंच रहे हैं? क्या वास्तव में सभी घरों से नियमित कचरा उठाया जा रहा है या फिर कागजों में तैयार किए गए आंकड़े जमीनी व्यवस्था से मेल नहीं खा रहे हैं?

जागरूकता अभियान खूब चले, लेकिन गीला-सूखा कचरा अलग करने की व्यवस्था अधूरी

नगर निगम ने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किए। नुक्कड़ नाटक, स्कूलों में प्रतियोगिताएं और एसबीएम सेल के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाए गए। नागरिकों को लगातार समझाइश दी गई कि घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके ही वाहनों को दें। इसके बावजूद कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है। घरों से लेकर संग्रहण और प्रसंस्करण केंद्रों तक गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की व्यवस्था पर सवाल बने हुए हैं। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च कर संचालित स्वच्छता अभियानों की वास्तविक सफलता का आकलन भी जरूरी हो गया है।

सीवर की समस्या पर पार्षदों की नाराजगी, जनता के गुस्से का सामना कर रहे जनप्रतिनिधि

नगर निगम परिषद की बैठकों में सीवर समस्या लगातार प्रमुख मुद्दा बनकर सामने आती रही है। 66 पार्षदों में से 60 से अधिक पार्षदों के क्षेत्रों में सीवर से संबंधित शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। पार्षदों का कहना है कि क्षेत्रीय जनता सुबह से शाम तक सीवर की समस्या को लेकर उन्हें शिकायतें करती है और कई बार नाराजगी भी झेलनी पड़ती है। इसके बावजूद अधिकारियों के स्तर पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सीवर समस्या से मुक्त शहर के दावों और वार्डों में लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।

पुरस्कार के बाद अब असली परीक्षा नगर निगम की

ग्वालियर को स्वच्छता पुरस्कार मिलना निश्चित रूप से शहर के लिए गौरव की बात है, लेकिन गुरुवार की परिषद बैठक में सामने आए मुद्दे बता रहे हैं कि स्वच्छता की चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है। पुरस्कार मिलने के बाद अब नगर निगम के सामने सबसे बड़ी परीक्षा यह है कि वह अपने दावों को वार्डों की वास्तविक स्थिति में भी बदलकर दिखाए। राजमाता चौराहे पर बहता सीवर, फुटपाथों पर जमा धूल, कचरा संग्रहण के आंकड़ों पर सवाल और पार्षदों की लगातार शिकायतें बता रही हैं कि शहर को पुरस्कार दिलाने वाली व्यवस्था और आम नागरिक को दिखाई देने वाली व्यवस्था के बीच अभी काफी दूरी है।