Headlines

अचलेश्वर महादेव के दरबार में भक्तों ने खोला दिल, दो दिन में 14.41 लाख रुपए का चढ़ावा बैंक में जमा

अचलेश्वर महादेव के दरबार में भक्तों ने खोला दिल, दो दिन में 14.41 लाख रुपए का चढ़ावा बैंक में जमा

अकेले आज दान पेटियों से निकले 5.91 लाख रुपए, आठ दान पेटियों को खोलकर की गई राशि की गणना

परिवार की खुशहाली और व्यापार की उन्नति के लिए भक्तों ने लगाईं अर्जियां

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। शहर के प्रसिद्ध श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर दान राशि के रूप में सामने आई है। भगवान भोलेनाथ के दरबार में भक्तों ने दिल खोलकर दान दिया। मंदिर की दान पेटियों से आज 5 लाख 91 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई, जबकि पिछले दो दिनों में कुल 14 लाख 41 हजार रुपए बैंक में जमा कराए जा चुके हैं। दान राशि का यह आंकड़ा श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है।

श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे से मंदिर की आठ दान पेटियों को खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद प्राप्त राशि की गिनती की गई और नियमानुसार बैंक में जमा कराई गई। इस दौरान वरिष्ठ बैंक अधिकारियों के साथ मंदिर न्यास के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद रहे।

दान राशि की गणना के दौरान न्यास के सचिव राजकुमार माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल, कार्यकारिणी सदस्य अतुल गुप्ता, आकाश, सुरेन्द्र अग्रवाल एवं तरुण बग्गा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।

दान पेटियों में मिलीं भक्तों की मनोकामनाओं की अर्जियां

दान पेटियों को खोलने के दौरान नकदी के साथ अनेक श्रद्धालुओं की ओर से लिखी गई पर्चियां भी प्राप्त हुईं। इन पर्चियों में भक्तों ने अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और व्यापार में उन्नति की कामना करते हुए भगवान अचलेश्वर महादेव के समक्ष अपनी अर्जी लगाई थी। यह दृश्य दर्शाता है कि श्रद्धालुओं के लिए अचलेश्वर महादेव का दरबार केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि उनकी आस्था, विश्वास और मनोकामनाओं का भी प्रमुख केंद्र है।

न्यास अध्यक्ष राजेश ऐरन सहित सभी पदाधिकारियों ने दान पेटियों की राशि की गणना और बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया में सहयोग देने वाले बैंक अधिकारियों एवं न्यास के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही मंदिर में श्रद्धापूर्वक दान करने वाले सभी भक्तों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।