Headlines

आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम बनेगा महालक्ष्मी वरदान दिवस, ग्वालियर में पहली बार सजेगा भव्य दरबार

आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम बनेगा महालक्ष्मी वरदान दिवस, ग्वालियर में पहली बार सजेगा भव्य दरबार

-23 दिसंबर को जीवायएमसी ग्राउंड में होगा विशेष आयोजन, 21 लाख रुपए के नोटों से तैयार होगी आकर्षक सजावट

रतलाम के कारीगर दिखाएंगे अपनी कला

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। धार्मिक आस्था जब सामाजिक एकजुटता और जनकल्याण की भावना के साथ जुड़ती है तो आयोजन केवल उत्सव नहीं रह जाता, बल्कि समाज के लिए एक नई पहचान बन जाता है। कुछ ऐसा ही दृश्य 23 दिसंबर को ग्वालियर में देखने को मिलेगा, जहां पहली बार रतलाम के प्रसिद्ध मां महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर माता रानी का भव्य दरबार सजाया जाएगा। महालक्ष्मी वरदान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह समारोह श्रद्धा, भव्यता और सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण बनने जा रहा है।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में जीवायएमसी ग्राउंड पर होने वाले इस आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण मां महालक्ष्मी का वह विशेष दरबार होगा, जिसे लगभग 21 लाख रुपए के करेंसी नोटों से सजाया जाएगा। इस अनूठी सजावट के लिए रतलाम के अनुभवी कारीगरों की विशेष टीम ग्वालियर पहुंचेगी। कारीगरों द्वारा आकर्षक फूलों, गुलदस्तों, झूमरों और अन्य सजावटी वस्तुओं के माध्यम से दरबार को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

धार्मिक आयोजन के साथ समाज की समृद्धि का संदेश

इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसे केवल दर्शन और पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रखा गया है। आयोजकों की मंशा व्यापारिक समाज में सकारात्मकता, आपसी सहयोग और आर्थिक समृद्धि की भावना को प्रोत्साहित करने की भी है। दरबार की सजावट के लिए श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित राशि आयोजन के सफल समापन के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक वापस लौटाई जाएगी।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष हनुमान चौराहा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में इस आयोजन की शुरुआत की गई थी। श्रद्धालुओं की सहभागिता और मिले उत्साह को देखते हुए इस बार आयोजन को बड़े स्तर पर करने का निर्णय लिया गया है। रतलाम के मंदिर की तर्ज पर ग्वालियर में इस तरह का आयोजन पहली बार होने जा रहा है।

पांच परिवार निभाएंगे यजमान की भूमिका

जिलाध्यक्ष अनुज अग्रवाल एवं महिला विंग अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में पांच यजमान परिवार विशेष रूप से धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बनेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मां महालक्ष्मी के विशेष अभिषेक से होगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, छप्पन भोग अर्पण और पुष्पों से सुसज्जित भव्य बंगले का आयोजन किया जाएगा। पूरे परिसर में भक्ति संगीत और भजन कीर्तन का वातावरण रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए भक्ति संगीत एवं भजन मंडलियों की विशेष प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पांच हजार श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष कुबेर पोटली

आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक श्रद्धालु को मां महालक्ष्मी के आशीर्वाद स्वरूप विशेष कुबेर पोटली भेंट की जाएगी। इसके लिए पांच हजार विशेष पोटलियां तैयार कराई जा रही हैं। लाल रंग की इन पोटलियों में कमलगट्टा, हल्दी की गांठ, कौड़ी, चावल, सुपारी, पीली सरसों और साबुत धनिया जैसी पारंपरिक पूजन सामग्री रखी जाएगी। पोटलियों पर मां महालक्ष्मी का चित्र अंकित विशेष सिक्के भी शामिल किए जाएंगे।

समाज को जोड़ने का माध्यम बनेंगे ऐसे आयोजन

ग्वालियर में होने वाला यह आयोजन धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का अवसर भी बनेगा। ऐसे आयोजनों से जहां धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है, वहीं सामाजिक सहभागिता, पारिवारिक संस्कार और आपसी सद्भाव की भावना भी विकसित होती है।

मां महालक्ष्मी की आराधना के साथ होने वाला यह आयोजन ग्वालियर के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला में एक विशिष्ट पहचान बनाने की तैयारी में है। अब शहरवासियों को 23 दिसंबर का इंतजार है, जब भक्ति, वैभव और सामूहिक आस्था से सजा मां महालक्ष्मी का दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।