मेले की 50% छूट पर दो बड़े नेताओं के दरबार में पहुंचे ऑटोमोबाइल डील
ग्वालियर की राजनीति में फिर चर्चाएं तेज!
पहले नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात, फिर दिल्ली में ज्योतिरादित्य सिंधिया को सौंपा मांग पत्र,
अब मेले की छूट पर किसके प्रयासों को मिलेगा श्रेय, इस पर टिकी निगाहें
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल वाहनों के आरटीओ पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट की मांग अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल, ग्वालियर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर अपनी मांग रखी और इसके बाद मध्य प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें भी मांग पत्र सौंप दिया। सिंधिया ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मेला अवधि में गैर परिवहन एवं छोटे वाहनों पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट देने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि वर्ष 1905 में तत्कालीन महाराज माधवराव सिंधिया द्वारा शुरू किया गया ग्वालियर व्यापार मेला आज एशिया के प्रमुख व्यापार मेलों में शामिल है। वाहन कारोबारियों का मानना है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट मिलने से मेले में वाहनों की बिक्री बढ़ेगी और प्रदेश सरकार को भी कम अवधि में अधिक राजस्व प्राप्त हो सकेगा।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम का राजनीतिक पहलू भी कम दिलचस्प नहीं है। ग्वालियर की राजनीति में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर दोनों ही भाजपा के बड़े नेता हैं। दोनों नेताओं के अलग-अलग समर्थक समूह हैं और शहर में होने वाले विकास कार्यों को लेकर समय-समय पर उनके समर्थकों के बीच श्रेय को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। वेस्टर्न बाइपास से लेकर रेलवे स्टेशन के विकास और अन्य परियोजनाओं तक राजनीतिक गलियारों में दोनों नेताओं की सक्रियता को लेकर अलग-अलग चर्चाएं सामने आती रही हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने सार्वजनिक मंचों से एक-दूसरे के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की है और विकास कार्यों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व को भी दिया जाता रहा है।
ऐसे में वाहन डीलर्स एसोसिएशन का पहले तोमर और फिर सिंधिया तक पहुंचना कई तरह के राजनीतिक सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह केवल मांग को प्रभावी तरीके से शासन तक पहुंचाने की औपचारिक प्रक्रिया है या फिर संगठन चाहता है कि इस महत्वपूर्ण मांग पर दोनों ही स्तरों से पहल हो? संगठन इसे व्यावसायिक प्रक्रिया बता रहा है, लेकिन राजनीतिक चर्चाओं में इसे ग्वालियर की स्थानीय राजनीति के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि सिंधिया ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने के साथ मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की जानकारी भी सार्वजनिक की है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री स्तर पर इस मांग पर क्या निर्णय होता है और यदि छूट मिलती है तो इसके लिए किए गए प्रयासों को लेकर राजनीतिक गलियारों में किस तरह की चर्चा आगे बढ़ती है। फिलहाल व्यापारियों को छूट का इंतजार है, वहीं ग्वालियर की राजनीति में इस मुलाकात के मायने तलाशे जा रहे हैं।

