जयप्रकाश राजोरिया की कुर्सी पर संकट के बीच दावेदारों ने बिछाई बिसात!
ग्वालियर भाजपा में जिलाध्यक्ष बदलने की सुगबुगाहट तेज
भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर से मुलाकात के बाद सियासी चर्चाओं को मिला जोर, ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाएगी पार्टी या फिर चौंकाने वाला नाम आएगा सामने?
क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों के बीच संगठन के फैसले पर टिकी निगाहें
पदमेश अग्रवाल (पत्रकार)
ग्वालियर, 5 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के ग्वालियर जिला संगठन में इन दिनों नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया को पद से हटाए जाने की अटकलों के बीच अब पार्टी के भीतर नए अध्यक्ष को लेकर सियासी बिसात बिछने लगी है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय कई दावेदारों ने अपने-अपने स्तर पर राजनीतिक संपर्क और समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में ग्वालियर भाजपा का अगला जिला अध्यक्ष कौन होगा, यह सवाल संगठन और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।
दरअसल, पिछले दिनों जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया का भोपाल दौरा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर से उनकी मुलाकात भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रही। हालांकि इस मुलाकात को संगठनात्मक विषयों पर सामान्य चर्चा बताया गया, लेकिन पहले से चल रही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। फिलहाल राजोरिया को हटाए जाने अथवा उनके स्थान पर किसी नए चेहरे की नियुक्ति को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण बनेंगे अध्यक्ष चयन का आधार
ग्वालियर जिला अध्यक्ष के चयन में इस बार केवल संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता ही नहीं, बल्कि जातिगत तथा क्षेत्रीय समीकरणों की भी अहम भूमिका रहने की संभावना है। पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वह किसी ब्राह्मण चेहरे को जिले की कमान सौंपकर राजनीतिक संतुलन साधेगी या फिर किसी अन्य सामाजिक वर्ग के नेता पर भरोसा जताकर एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला करेगी।
दतिया की राजनीति में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लेकर बदले राजनीतिक घटनाक्रम और विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण नेतृत्व की भूमिका को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच ग्वालियर में भी इस वर्ग की दावेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के जरिए पार्टी ब्राह्मण समाज को संगठन में प्रतिनिधित्व देने का संदेश देती है या किसी दूसरे सामाजिक समीकरण को प्राथमिकता देती है, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी।
दिग्गज नेताओं की पसंद और संगठन की कसौटी पर दावेदार
ग्वालियर भाजपा में जिला अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल इसलिए भी दिलचस्प हो गई है, क्योंकि इस क्षेत्र की राजनीति में कई बड़े नेताओं का प्रभाव और संगठनात्मक पकड़ है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह और सांसद वीडी शर्मा सहित विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के पसंदीदा नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि इन नेताओं द्वारा संगठन को नाम सुझाए जाने संबंधी चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
दूसरी ओर, जिला अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से संगठन में सक्रिय कई नेता अपनी दावेदारी मजबूत मानकर चल रहे है।
किसके सिर सजेगा जिलाध्यक्ष का ताज, सबकी नजर संगठन के फैसले पर
ग्वालियर भाजपा के नए जिला अध्यक्ष का चयन केवल एक संगठनात्मक नियुक्ति नहीं, बल्कि आने वाले समय में जिले की राजनीतिक दिशा और पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन का भी संकेत होगा। एक ओर वरिष्ठ नेताओं के प्रभाव और पसंद का सवाल है, तो दूसरी ओर सामाजिक समीकरणों के साथ संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर देने की चुनौती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा मौजूदा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया पर ही भरोसा कायम रखती है या नेतृत्व परिवर्तन के जरिए किसी नए चेहरे को अवसर देती है।

