Headlines

8 बसों पर कार्रवाई कर 1.10 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

8 बसों पर कार्रवाई कर 1.10 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

 

त्योहारी सीजन में यात्री बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा

झांसी रोड बस स्टैंड और विक्की फैक्ट्री क्षेत्र में सघन चेकिंग, ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली और परमिट शर्तों के उल्लंघन पर काटे चालान

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर,5 नवंबर । त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच यात्री बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, मनमाना किराया वसूलने और नियम विरुद्ध संचालन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। झांसी रोड बस स्टैंड, विक्की फैक्ट्री सहित प्रमुख मार्गों और बस संचालन क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 8 बसों के विरुद्ध 9 चालान बनाए गए। विभाग ने इन चालानों के माध्यम से कुल 1 लाख 9 हजार 900 रुपए का जुर्माना वसूला।

परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री विक्रम सिंह कंग के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से ओवरलोडिंग, परमिट की शर्तों के विपरीत बसों का संचालन, यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने, वाहन संबंधी दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बसों में उपलब्ध सीटों के अनुपात में यात्रियों की संख्या का परीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की।

9 चालानों से 1.10 लाख रुपए की वसूली

चेकिंग अभियान के दौरान ऑनलाइन चालानी कार्रवाई में तीन वाहनों के विरुद्ध 15,900 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इनमें एचएसआरपी और अग्निशमन संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 5,500 रुपए, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर 6,000 रुपए तथा एक अन्य बस में अतिरिक्त यात्री पाए जाने पर 4,400 रुपए की कार्रवाई शामिल रही।

वहीं अन्य चालानी कार्रवाई में 94,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसमें राजस्थान नंबर की यात्री बस में ओवरलोडिंग पर 21,000 रुपए के दो चालान, एक वाहन में मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन पर 1,000 रुपए, परमिट संबंधी उल्लंघन पर 49,000 रुपए तथा दो अन्य वाहनों पर 1,000-1,000 रुपए के चालान शामिल हैं। इस प्रकार ऑनलाइन और अन्य चालानी कार्रवाई मिलाकर कुल 1,09,900 रुपए की वसूली की गई।

पूरी कार्रवाई आरटीओ श्री विक्रम सिंह कंग के नेतृत्व में फ्लाइंग प्रभारी नीलम मिंज, आरटीओ कार्यालय से हृदेश शर्मा, सजल पांडे एवं उम्मेद बेग की मौजूदगी में की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, मनमाना किराया वसूलने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सघन जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।