आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 5.50 लाख की अवैध शराब और गुड़ लहान जब्त
चीनोर से हजीरा तक एक साथ कई ठिकानों पर दबिश, 5400 किलो गुड़ लहान बरामद कर मौके पर किया नष्ट, शराब के 9 प्रकरण दर्ज
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को ग्वालियर में व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। चीनोर-करहिया से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर, हजीरा और बिरला नगर तक कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर करीब 5400 किलो गुड़ लहान और 56 पाव देशी शराब बरामद की। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 5 लाख 50 हजार रुपये बताया गया है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, आबकारी उपायुक्त ग्वालियर संभाग संदीप शर्मा के आदेश तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के निर्देशन में 17 नवंबर को यह अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान दुबहा-दुबही कंजर डेरा से प्लास्टिक की टंकियों में करीब 3500 किलो गुड़ लहान, चक कटना में सीमेंट के हौद से 700 किलो तथा लाल डांडा के नाले के पास दो अलग-अलग गड्ढों से 1200 किलो गुड़ लहान बरामद किया गया। इसके नमूने लेकर मौके पर ही पूरा लहान नष्ट कराया गया। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर की किराना दुकान से 12 पाव, न्यू चंदन नगर में राजू सविता के मकान से 16 पाव, बिरला नगर लाइन नंबर-2 से 15 पाव तथा रमटा पुरा सेवा नगर में धर्मेंद्र यादव के अधिपत्य से 13 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। इस तरह कुल 56 पाव शराब जब्त हुई।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज किए हैं।
कार्रवाई कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण उपाध्याय के मार्गदर्शन में हुई। इसमें सहायक जिला आबकारी अधिकारी आमीन खान, दिनेश भार्गव, उपनिरीक्षक हरेंद्र मावई, सतेंद्र सिंह मीणा, सुरेश पारासर तथा मुख्य आरक्षक रवि बघेल, सुनील सिंह, ब्रजेश नागर सहित आरक्षक कपिल गुगनानी, राजेंद्र जोनवर, भरत जाटव, प्रदीप हिंडौनिया, राहुल त्यागी, राघवेंद्र भदौरिया, चेतन जयंत, नीतू राजावत, रूचि कुशवाह, प्रियंका जाटव, दिव्यांश गौर, बादल अहिरवार, पवन यादव, देवेश शर्मा एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

