Headlines

डेढ़ माह की सियासी खामोशी के बाद खुला कार्यकारिणी का पिटारा, 35 नामों पर लगी मुहर!

डेढ़ माह की सियासी खामोशी के बाद खुला कार्यकारिणी का पिटारा, 35 नामों पर लगी मुहर!

छह पदाधिकारियों ने अपने-अपने समर्थकों को दी कार्यकारिणी में जगह

18 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह में मिलेंगे प्रमाण पत्र अन्नकूट का भी होगा आयोजन

पदमेश अग्रवाल

ग्वालियर। दाल बाजार व्यापार समिति के चुनाव को डेढ़ माह से अधिक का समय गुजर गया, लेकिन कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा था। बाजार की दुकानों से लेकर व्यापारियों की आपसी बैठकों और चाय की चर्चाओं तक बस एक ही सवाल गूंज रहा था कि आखिर नई कार्यकारिणी में किस-किस को जगह मिलने वाली है? कौन पदाधिकारियों की पसंद बनेगा और किसका नाम सूची में शामिल होने से रह जाएगा? इस बीच कार्यकारिणी की घोषणा में हो रही देरी को लेकर बाजार में तरह-तरह की चर्चाओं और कयासों का दौर भी गर्म रहा।

कई व्यापारी तो यह भी सवाल उठा रहे थे कि जब कार्यकारिणी का गठन ही नहीं हुआ तो फिर 18 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह और अन्नकूट का आयोजन किस हैसियत से किया जा रहा है? आयोजन का खर्च व्यापार समिति उठाएगी या फिर नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपनी जेब से इसकी व्यवस्था करेंगे? हालांकि अब इन तमाम सवालों और अटकलों पर विराम लगता दिखाई दे रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दाल बाजार व्यापार समिति की 35 सदस्यीय कार्यकारिणी तैयार कर ली गई है और सभी सदस्यों के प्रमाण पत्र भी बनकर तैयार हो गए हैं।

छह पदाधिकारी, 35 सदस्य और अपने-अपने समर्थकों को मिली जगह!

बाजार सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कार्यकारिणी की सूची सामने आने के साथ ही बाजार की चर्चाओं को नया मसाला मिल गया है। बताया जा रहा है कि समिति के सभी छह पदाधिकारियों ने अपने-अपने समर्थकों और नजदीकी व्यापारियों को कार्यकारिणी में शामिल कराया है। यानी चुनाव के बाद अब कार्यकारिणी के गठन में भी पदाधिकारियों की पसंद और आपसी समीकरणों की झलक देखने को मिली है। व्यापारियों के बीच अब इस बात की चर्चा है कि किस पदाधिकारी के खेमे से कितने नाम शामिल हुए और किसकी पसंद को कितनी तवज्जो मिली।

इन 35 नामों पर लगी मुहर

दाल बाजार व्यापार समिति की नवनिर्मित कार्यकारिणी में अंशुमन अग्रवाल, नितिन गुप्ता, पंकज अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल (योगेश), श्रेयांश सिंघल, मनीष बंसल, सजल गर्ग, संजय अग्रवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, कल्याण अग्रवाल, सुरेश कुमार डिगवानी, प्रदीप सिंघल, राजकुमार गुलसानी, नंदलाल जसवानी, विपुल अग्रवाल, हरेश मित्तल, योगेश गोयल, प्रेम किशोर गोयल, जगदीश प्रसाद गुप्ता, राजेश बांदिल (मनीष), बृजेश मित्तल, चंद्र कुमार जैन, संजय बंसल, अजय कुमार अग्रवाल, मनोज लहरिया, सतीश गोयल, पवन बंसल, समीर अग्रवाल, संतोष बंसल, रामनाथ अग्रवाल, राकेश गोयल, संजय साहनी, राकेश कुमार गोयल और पंकज गोयल सहित निर्वाचन अधिकारी कृष्ण गोपाल अग्रवाल के नाम शामिल हैं।

18 नवंबर को खत्म होगा इंतजार, प्रमाण पत्रों के साथ होगा स्वागत

अब 18 नवंबर को जीवायआईएमसी क्लब में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ इन कार्यकारिणी सदस्यों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसी दिन वार्षिक अन्नकूट का आयोजन भी होगा। ऐसे में डेढ़ माह से कार्यकारिणी की सूची का इंतजार कर रहे व्यापारियों की उत्सुकता अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। बाजार में अब चर्चा इस बात की है कि नई कार्यकारिणी में शामिल 35 सदस्य समिति के कामकाज को किस तरह आगे बढ़ाते हैं और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता कितनी दिखाई देती है।

फिलहाल इतना जरूर है कि जिस कार्यकारिणी को लेकर दाल बाजार में डेढ़ महीने से सवाल, कयास और चर्चाओं का बाजार गर्म था, उसका पिटारा आखिरकार खुल गया है। अब 18 नवंबर को शपथ ग्रहण और अन्नकूट के साथ नई टीम औपचारिक रूप से अपनी पारी शुरू करेगी।