Headlines

वीर साहिबजादों के बलिदान को नमन, बच्चों को सुनाई शौर्य और साहस की गाथा

वीर साहिबजादों के बलिदान को नमन, बच्चों को सुनाई शौर्य और साहस की गाथा

ग्राम शालूपुरा कॉलोनी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण, पार्षद ऊषा गिर्राज सिंह गुर्जर ने बच्चों के साथ मनाया वीर बाल दिवस

ग्वालियर। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस के अवसर पर ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 66 स्थित ग्राम शालूपुरा कॉलोनी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती ऊषा गिर्राज सिंह गुर्जर एवं भाजपा नेता गिर्राज सिंह गुर्जर ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद श्रीमती ऊषा गिर्राज सिंह गुर्जर ने विद्यालय के बच्चों के साथ वीर बाल दिवस मनाया। उन्होंने बच्चों को मिष्ठान वितरित कर शुभकामनाएं दीं और साहिबजादों के अदम्य साहस, धर्म के प्रति अटूट निष्ठा तथा देश और समाज के लिए प्रेरणादायी बलिदान की कहानी सुनाई।

उन्होंने बच्चों को बताया कि किस प्रकार अल्पायु में ही साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने विपरीत परिस्थितियों के सामने झुकने के बजाय अपने सिद्धांतों और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि साहस, आत्मसम्मान और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए उम्र नहीं, बल्कि मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने साहिबजादों के महान बलिदान को देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके अद्वितीय शौर्य को सम्मान देने के उद्देश्य से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। आज यह दिवस बच्चों और युवाओं को साहस, संस्कार, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण अवसर बन गया है।

इस अवसर पर बच्चों को वीर साहिबजादों के जीवन से प्रेरणा लेकर सच्चाई, साहस और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। विद्यालय के लोकार्पण के साथ वीर बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का यादगार संगम बन गया।