मोबाइल की स्क्रीन में सिमटते त्योहार, अपनों से दूर होते रिश्ते…
आधुनिकता की दौड़ में कहीं खो न जाए दीपावली की असली खुशियां
कभी दीपावली पर घर-घर जाकर मिलते थे लोग, गले मिलकर देते थे बधाई, अब व्हाट्सएप और फेसबुक के संदेशों तक सिमटकर रह गया पर्व का उल्लास
पदमेश अग्रवाल पत्रकार
ग्वालियर। दीपावली केवल दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आतिशबाजी करने का त्योहार नहीं, बल्कि यह रिश्तों में मिठास घोलने, पुराने गिले-शिकवे भुलाने और अपनों के बीच प्रेम और अपनत्व बढ़ाने का पर्व भी रहा है। कुछ वर्ष पहले तक दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा, पड़वा और भाईदूज जैसे अवसरों पर घरों में एक अलग ही रौनक दिखाई देती थी। लोग नए कपड़े पहनकर रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों के घर पहुंचते थे। बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते, छोटों को स्नेह देते और एक-दूसरे के गले मिलकर त्योहार की शुभकामनाएं देते थे। घरों में बनी मठरी, गुजिया, पापड़ी और मिठाइयां केवल खाने-खिलाने का माध्यम नहीं थीं, बल्कि रिश्तों की मिठास और पारिवारिक अपनत्व का प्रतीक हुआ करती थीं।
लेकिन बदलते समय के साथ त्योहार मनाने का यह पारंपरिक अंदाज भी तेजी से बदलता जा रहा है। आज दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए घर से निकलने की जरूरत महसूस नहीं होती। मोबाइल उठाया, व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, फेसबुक पर शुभकामनाओं की पोस्ट साझा की और जिम्मेदारी पूरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि अब कई रिश्तों में फोन करके हालचाल पूछने और बधाई देने की परंपरा भी कमजोर पड़ती जा रही है।
इस बदलाव के पीछे आधुनिक जीवनशैली, नौकरी और व्यवसाय की व्यस्तता, महानगरों में बढ़ती दूरी, समय का अभाव और एकल परिवारों की बढ़ती संख्या जैसे कई कारण हैं। रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में लोग अपने परिवारों से दूर दूसरे शहरों में बस गए हैं। वहीं, जो लोग आसपास रहते हैं, वे भी रोजमर्रा की भागदौड़ में इतने व्यस्त हो गए हैं कि त्योहारों पर अपनों के लिए समय निकालना मुश्किल समझने लगे हैं। डिजिटल माध्यमों ने दूर बैठे लोगों को जोड़ने की सुविधा जरूर दी है, लेकिन दुर्भाग्य से कई बार यही सुविधा आमने-सामने मिलने का विकल्प बनती जा रही है।
सोचने वाली बात यह है कि जिस बधाई संदेश को मोबाइल पर कुछ सेकंड में भेज दिया जाता है, क्या वह उस अपनत्व की बराबरी कर सकता है, जो किसी अपने के घर पहुंचकर गले मिलने, बड़ों के पैर छूने और कुछ पल साथ बैठकर बातचीत करने से मिलता है? किसी के घर पहुंचने की खुशी, दरवाजे पर स्वागत, बच्चों की चहल-पहल और परिवार के साथ बिताए गए वे छोटे-छोटे पल ही तो त्योहारों की असली पहचान हुआ करते थे।
यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाली पीढ़ियां दीपावली की परंपराओं को केवल तस्वीरों और पुरानी यादों में ही देख पाएंगी। त्योहार तो मनाए जाएंगे, घर भी सजेंगे और मोबाइल पर हजारों शुभकामना संदेश भी आएंगे, लेकिन क्या उनमें पहले जैसा अपनापन और रिश्तों की गर्माहट बची रहेगी?
आधुनिकता को अपनाना गलत नहीं है, तकनीक भी आज की जरूरत है, लेकिन सवाल यह है कि क्या इसकी कीमत अपने रिश्तों और परंपराओं को खोकर चुकाई जानी चाहिए? त्योहारों का वास्तविक आनंद स्क्रीन पर संदेश पढ़ने में नहीं, बल्कि अपनों के बीच बैठने, उनके सुख-दुख जानने और पुराने संबंधों को फिर से जीवंत करने में है।
जरूरत है कि इस दीपावली हम केवल मोबाइल से शुभकामनाएं भेजने तक सीमित न रहें, बल्कि कुछ समय निकालकर अपनों के घर भी जाएं। क्योंकि मोबाइल पर भेजा गया संदेश कुछ क्षणों में पढ़कर भुलाया जा सकता है, लेकिन अपनों के घर जाकर गले मिलने की याद वर्षों तक दिल में बनी रहती है। आखिर त्योहार कैलेंडर की तारीखों से नहीं, अपनों के साथ से यादगार बनते हैं।

