स्व. डॉ. दर्शन सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विवेक तन्खा और अशोक सिंह ने दी श्रद्धांजलि
पिता के सेवा और समर्पण के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे मितेंद्र दर्शन सिंह : विवेक तन्खा ने जनसेवा के प्रयासों को सराहा
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। सादगी, समर्पण और संघर्ष के साथ अपना जीवन समाजसेवा एवं जनहित के लिए समर्पित करने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. डॉ. दर्शन सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को हजीरा स्थित इंटक मैदान में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने पहुंचकर स्व. डॉ. दर्शन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर दोनों सांसदों ने उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि स्व. डॉ. दर्शन सिंह सादगी, समर्पण और संघर्ष के प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि मितेंद्र दर्शन सिंह जिस सेवा भावना के साथ मानवता की सेवा में जुटे हैं, वह उनके पिता के विचारों और संस्कारों का ही प्रतिबिंब है। जरूरतमंदों की मदद करना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही जीवन की सबसे बड़ी पूजा है।विशेष अतिथि राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा कि मितेंद्र दर्शन सिंह अपने पिता स्व. डॉ. दर्शन सिंह के बताए मार्ग पर चलते हुए निरंतर जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। पिता के आदर्शों और सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंदों की सहायता करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में सराहनीय पहल है।कार्यक्रम का संचालन महाराज सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कांग्रेसजनों, चिकित्सकों और गणमान्य नागरिकों ने स्व. डॉ. दर्शन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. डॉ. दर्शन सिंह मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित शिविर में जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्व. डॉ. दर्शन सिंह की स्मृतियों को नमन करने के साथ उनकी जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

