मरीजों से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं! सीएमएचओ ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को दी सख्त हिदायत
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए मैदान में उतरे जिला अधिकारी, ग्रामीण से शहरी अस्पतालों तक व्यवस्थाओं की पड़ताल; लापरवाही और असंवेदनशील व्यवहार से बचने के निर्देश
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर, 28 नवंबर। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के साथ उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई है। अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों का व्यवहार भी अब समीक्षा के दायरे में रहेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एस. सागर ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अस्पताल आने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ अभद्रता या असंवेदनशील व्यवहार न हो। मरीजों को चिकित्सा सुविधा देने के साथ उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनना और शालीनता से जवाब देना भी स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। सीएमएचओ डॉ. सागर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग विकासखंडों में भेजकर स्वास्थ्य संस्थाओं और सेक्टर मीटिंगों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का आकलन करने और जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
चार ब्लॉकों में अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। डॉ. मनोज कौरव को डबरा, डॉ. पवन जैन को भितरवार, डॉ. दीपाली माथुर को हस्तिनापुर तथा डॉ. विनोद दोनेरिया को बरई ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों को सेक्टर मीटिंगों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति समझने, कमियों को चिह्नित करने और सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय भार्गव सहित सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सिर्फ इलाज नहीं, मरीजों के साथ व्यवहार भी होगा अहम
सीएमएचओ कार्यालय में ग्वालियर शहर की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने की विशेष समझाइश दी गई। उन्हें कहा गया कि अस्पताल में आने वाला व्यक्ति पहले से ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहा होता है। ऐसे में स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार उसके लिए राहत देने वाला होना चाहिए, न कि परेशानी बढ़ाने वाला। मरीजों को उचित जानकारी देना, उनकी बात सुनना और सम्मानपूर्वक व्यवहार करना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्य पूरे करने पर जोर
समीक्षा बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। सीएमएचओ ने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कवायद का उद्देश्य जिले की चिकित्सा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर के अस्पतालों तक सेवाओं की नियमित निगरानी और व्यवहार में संवेदनशीलता पर जोर देकर विभाग आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

