- घर के पोर्च से स्कूटी चोरी कर भागे चोर को जनता ने पीछा कर पकड़ा
पदमेश अग्रवाल
ग्वालियर। गांधी नगर में घर के पोर्च में खड़ी स्कूटी चोरी कर भाग रहे एक युवक को वाहन मालिक की सतकर्ता से पकड़ा गया है। स्कूटी लेकर भाग रहे चोर का उसने पीछा किया, पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से पुलिस ने उसे लिया। पुलिस ने पकड़े गए चोर से स्कूटी बरामद कर पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
पड़ाव थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी रवि अग्रवाल पुत्र रामनारायण अग्रवाल सुबह करीब 11 बजे अपने घर में पोर्च के पास बने कमरे में सोफे पर लेटे हुए थे। इसी दौरान उन्हें पोर्च का गेट खुलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने उठकर देखा तो वहां खड़ी उनकी एक्टिवा स्कूटी एमपी 07 एस 6316 गायब थी। रवि अग्रवाल ने बाहर जाकर देखा तो एक युवक उनकी स्कूटी लेकर जाता दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। लोगों से बचने के लिए चोर स्कूटी छोडक़र भागने लगा। मामले का पता चलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से चोर की घेराबंदी की और कुछ ही देर के प्रयास के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस पकड़े गए संदेही आरोपी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ की तो पता चला कि पकड़ा गया युवक चोर है और चोरी की वारदात करने के लिए ही आया था। पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान लवेश रावत निवासी ग्राम दरौनी, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने पकड़े गए चोर को हिरासत में लेकर पूछताछ करना शुरू कर दिया है।

